अचानक भरभराकर गिरी कोल्ड स्टोरेज की छत, अब तक आठ लोगों की मौत
10 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल के चंदौसी इलाके में आलू कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई है। अब तक 11 लोगों को बचाया गया है। अभी भी कुछ लोग और मलबे में दबे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।
30 मजदूर कर रहे थे काम
दरअसल चंदौसी के इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोर के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई। उस वक्त करीब 30 मजदूर भीतर थे। कई घंटे की मशक्कत के बाद 19 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से आठ की मौत हो गई। अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शीतगृह में सुबह से आलू भरने का काम किया जा रहा था। क्षमता से अधिक आलू भरने से करीब 11 बजे एक रैक गिर पड़ी। काम में लगे मजदूर समझ पाते कि इससे पहले ही छत भी गिर गई।
राहत-बचाव कार्य में लगी 12 जेसीबी और 8 हाइड्रा
मजदूर छत के मलबे और आलू के बोरों में दब गए। परिसर में मौजूद अन्य मजदूर मदद के लिए दौड़े लेकिन साथियों तक पहुंचने का रास्ता न होने से असहाय बनकर रह गए। करीब आधे घंटे बाद पुलिस और दमकल टीमों ने राहत और बचाव की कोशिशें शुरू की। मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने के लिए 12 जेसीबी, आठ हाइड्रा काम पर लगाई गईं। दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गईं। मशीनों से मलबा हटाकर रात 1.45 बजे तक 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य को इलाज के लिए भेजा गया।
घायलों और मृतक के नाम
हादसे में गांव एतोल निवासी रोहताश उर्फ टीटी (28 वर्ष), बर्रई गांव के राकेश (30 वर्ष) और इश्तियाक (30 वर्ष) निवासी मई की मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। महेश, सूरज, किशोरी, भूरे निवासी एतोल, राममोहन, प्रेम निवासी कैथल, मनोज निवासी बर्रई, रूप सिंह, अरुण निवासी रामनगर और राजेंद्र निवासी बर्रई घायल हैं। गंभीर घायलों को मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया है।
गुस्साए लोगों की पुलिस से नोकझोंक
मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शीतगृह संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुस्साए लोगों ने संचालक के केबिन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने की कोशिश पर लोगों की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। अधिकारियों ने राहत कार्य को प्राथमिकता बताते हुए लोगों को शांत किया।
गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
वहीं डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि शीतगृह संचालक चंदौसी के सुंदर मोहल्ला निवासी अंकुर अग्रवाल और रोहित अग्रवाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (304) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई मृतक रोहताश के पिता भूरे की तहरीर पर की है। मामले की जांच जारी है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।