मुजफ्फरनगरः विवाहिता को खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाला आरोपी अरेस्ट, 2 की तलाश जारी

21 सितंबर को महिला ने की फांसी लगाकर की थी खुदकुशी

 
MZN

मुजफ्फरनगर। बीते दिनों एक युवक की धमकी और छेड़छाड़ से परेशान महिला ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने महिला को खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोपी को अरेस्ट कर लिया। महिला की खुदकुशी के बाद परिजनों ने पुलिस पर शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।

दरअसल 21 सितंबर को थाना सिविल लाइन इलाके की निवासी पूजा ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में गांव काजीखेड़ा निवासी सुभाष ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी बेटी पूजा की शादी 6 माह पहले जनकपुरी निवासी दीपक से हुई थी। बताया कि शादी के बाद से पूजा अपने पति से काफी खुश थी। आरोप लगाया था कि गांव नाला जनपद शामली निवासी सोनू, काजीखेड़ा का विजयपाल और सिसौली, भौरा का राहुल उसकी बेटी पूजा को शादी से पहले ही फोन पर काफी परेशान करते थे। उसको और उसके पति को जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने बताया था कि शादी के बाद भी ये सिलसिला जारी रहा। जिससे परेशान होकर पूजा ने अपनी ससुराल जनकपुरी में फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।

थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक संतोष त्यागी ने बताया कि पुलिस ने बुढाना मोड़ पर एक बंद दुकान के पास से पूजा को खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोपी सोनू को अरेस्ट कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस बाकी आरोपियों को भी शीघ्र ही दबोच लेगी।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।