आगरा पुलिस ने ढेर किया कुख्यात बदमाश विनय श्रोतिया, 50 हजार का इनाम था घोषित
जुलाई 2022 में पेशी के दौरान हुआ था फरार

- रिपोर्टः अर्जुन सिंह
आगरा। ताज नगरी आगरा में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश विनय श्रोतिया मारा गया। श्रोतिया पर 50 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस कस्टडी से फरार हुआ माफिया विनय श्रोतिया आखिरकार बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में ढेर हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया गया है।
50 से अधिक मुकदमे थे दर्ज
दरअसल विनय श्रोतिया को फिरोजाबाद के लाइन पार थाना इलाके की जिला जेल में 13 जुलाई 2022 को दीवानी में पेशी के लिए लाया गया था। जहां से वो सिपाही को गच्चा देकर अपने साथियों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया था। पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ भी उसकी तलाश में जुटी थी। उस पर 50 हजार का इनाम भी रखा गया था। कुख्यात बदमाश विनय पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
अकबरा गांव के पास हुई मुठभेड़
पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि विनय श्रोतिया अपने साथी के साथ बाइक से कहीं जा रहा है। इस पर एसटीएफ और सिकंदरा की पुलिस ने बदमाश का पीछा किया। सिकंदरा गांव में पुलिस ने बदमाश को घेर लिया। जिसके बाद विनय श्रोतिया ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। घने कोहरे में हो रहे एनकाउंटर के दौरान एक गोली विनय श्रोतिया के सीने पर जाकर लगी। जिससे वो घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।