मानव तस्करीः पहले बांटते थे दुख-दर्द, नाम सुन बदल लेते थे धर्म, फिर किशोरियों को करते थे अगवा

भीख मंगवाने, देह व्यापार कराने और बंधुआ मजदूरी के लिए होता था पीड़िताओं का इस्तेमाल
 
Human trafficking

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा से गिरफ्तार किया गया मानव तस्करी का गिरोह बहुत ही शातिर तरीके से किशोरियों को अगवा करता है। पहले गिरोह की महिला सदस्य किशोरी से मिलेगी। उसके दुख-दर्द को बांटेगी और फिर मदद के नाम पर ले जाएगी। इसके बाद पीड़ित का निकलना मुश्किल हो जाता है। ये ही नहीं गिरोह का सरगना दंपती अपना धर्म वही बताता था, जो किशोरी का होता था। इसी वजह से दोनों ने हिंदू और मुस्लिम दोनों ही धर्मों के नाम रखे हैं।

अगवा कर बेची थी 5 किशोरी

रायपुरवा एसओ अमान सिंह ने बताया कि इकबाल ने अपना नाम राजू और चांदनी ने पूजा रखा हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इससे किशोरी आसानी से जाल में फंस जाती थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इसके पहले उन्होंने पांच किशोरियों को इसी तरह से अगवा कर बेचा था।

भीख मंगवाने और देह व्यापार में होता था इस्तेमाल

आरोपियों के मुताबिक ये किशोरियां बिहार और झारखंड की थीं। किसी को दिल्ली तो किसी को हरियाणा में बेचा है। पुलिस को आशंका है कि इन पीड़िताओं का इस्तेमाल भीख मंगवाने, देह व्यापार कराने और बंधुआ मजदूरी कराने में हो रहा है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाल रही है। जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।

गिरोह इनको बनाता था निशाना

पुलिस के मुताबिक ये गिरोह 10-15 वर्ष की बच्ची एवं किशोरियों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर घूमते थे। जब भी कभी कोई किशोरी अकेली खड़ी दिखती थी तो उनसे महिला बातचीत करने का प्रयास करती थी। जो इनकी बातों में आ जाती थी, उनको अपने साथ ले जाती थी।

पुलिस जुटा रही खातों का विवरण

पुलिस को आशंका है कि गिरोह में कई और लोग शामिल हैं। मास्टर माइंड ये ही दंपती है या कोई और ये भी पता किया जा रहा है। पुलिस इन सभी के बैंक खातों का विवरण भी जुटा रही है। डीसीपी का कहना है कि किशोरियों को खरीदने वालों के बारे में जानकारी कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।