प्यार का पागलपनः प्रेमिका के देवर को किया किडनैप, फिरौती में मांगी भाभी, फोन कर कहा- बहू दो बेटा लो
एक ही लड़की से था 2 युवकों का प्रेम-प्रसंग, 2 माह पूर्व हुई थी लड़की की शादी

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां दो युवक एक ही लड़की से प्यार करते थे। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। लड़की की शादी कुछ दिनों पहले एक युवक से हो गई। फुफेरा भाई इस बात से नाराज था। इसके कारण उसने अपने मामा के छोटे लड़के को किडनैप कर लिया। फिरौती में उसने परिजनों को फोन करके कहा कि जब तुम इसकी भाभी को उसके पास नहीं भेज देते तब तक वो उसे नहीं छोडेंगा। थाना बार पुलिस ने राजघाट रोड से दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को बरामद कर लिया है। जबकि मुख्य अपहरणकर्ता फरार है।
7 नवंबर को किया था अपहरण
दरअसल बार थाना इलाके के गांव निवासी युवक ने 2 दिन पूर्व रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका 20 वर्षीय छोटा बेटा सुबह करीब 11 बजे घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था। तभी थाना जखौरा के एक गांव निवासी उसकी बहन का लड़का गोलू उसके घर आया और उसके बेटे को अपनी साथ ले गया। जिसके बाद गोलू ने उसे फोन करके कहा कि जिस लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था उससे उनके बड़े बेटे की शादी हो गई है। जब तक वे अपनी बहू को उसे नहीं देगे तब तक वो उसके छोटे बेटे को नहीं छोड़ेगा।
पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने आरोपी युवक पर पर अपहरण का मामला दर्ज कर इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष बार बृजनेश कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, रवि कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुट गए थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने दो साथियों के साथ अपह्त युवक को लेकर कोतवाली सदर इलाके में मन्नू पेट्रोल पंप राजघाट रोड के पास जा रहे है, जिसके बाद पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की घेराबंदी की गई और पुलिस ने मन्नू पेट्रोल पंप के पास से अपह्त लड़के को सकुलश बरामद करते हुए आरोपी कुमार पडनी और विकास को धर दबोचा, जबकि मुख्य आरोपी गोलू मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से 2 मोबाइल और 1300 रूपये बरामद किए है।
एक लड़की से चल रहा था 2 का प्रेम-प्रसंग
पुलिस के मुताबिक आरोपी गोलू का विदिशा की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन आरोपी गोलू के मामा के बड़े बेटे ने उस लड़की से दो महीने पहले शादी कर ली थी। लेकिन गोलू उस लड़की को हर हाल में अपने पास रखना चाह रहा था, लड़की को पाने के लिए आरोपी ने अपने सगे ममेरे भाई का अपहरण कर फिरौती के रूप में अपह्त युवक की भाभी की मांग कर रहा था।
एक युवती से 2 लड़के प्रेम करते थे, जिसमें युवती ने बार इलाके के एक गांव निवासी लड़के से शादी कर ली। इस पर दूसरे प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर प्रेमिका के देवर का अपहरण कर लिया था। इस मामले में मुख्य अपहरणकर्ता गोलू कौशिक फरार चल रहा है, जबकि उसके 2 अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। -बृजनेश कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष बार।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।