मुजफ्फरनगरः अग्निवीर भर्ती रैली में सेंधमारी की कोशिश, आर्मी इंटेलीजेंस ने 2 आरोपियों को पकड़ा, एक फरार

आरोपियों से कई फर्जी प्रमाण पत्र बरामद, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

 
agniveer

मुजफ्फरनगर। आर्मी इंटेलीजेंस मेरठ और स्थानीय पुलिस ने अग्निवीर भर्ती रैली में सेंधमारी की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा है। एक खुद फर्जी नाम से भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आया था। इनका एक साथी फरार है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह निवासी गांव ढ़करौली, थाना खानपुर जनपद बुलंदशहर और महकार सिंह निवासी वेद व्यासपुरी, थाना टीपी नगर, मेरठ के रुप में हुई है। पुलिस ने कई फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किए है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं।

थाना सिविल लाइन प्रभारी संतोष त्यागी ने बताया कि मेरठ के वेद व्यासपुरी निवासी महकार और बुलंदशहर निवासी कमल को नुमाइश कैंप के गेट नंबर दो के पास से गिरफ्तार किया गया। कमल फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर भर्ती में शामिल होने आया था, लेकिन सेना की चौकसी और पुलिस त्वरित कार्रवाई से दोनों पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों से लंबी पूछताछ की है।

पुलिस ने बताया कि महकार का मोबाइल भी कब्जे में लिया है। उसके व्हाटसएप में फर्जीवाडे़ की काफी जानकारी एवं कागजात मिले है। भर्ती में फेल होने वाले कई बच्चों की भी स्लिप मिली हैं। दोनों का एक साथी रविन अभी फरार है। तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बुलंदशहर जनपद की होने वाली भर्ती के भी प्रवेश पत्र मिले हैं। एक प्रवेश पत्र पर तो भर्ती सेंटर मुजफ्फरनगर की दिनांक और एआरओ सेंटर की मोहर भी लगी है।

पुलिस के मुताबिक महकार ने कमल को वर्ष 2019 में मुरादाबाद से सेना में राहुल के नाम से फर्जी प्रमाण पत्र से भर्ती करा दिया था। मगर, बाद में पुलिस के सत्यापन में मामला खुल गया था तो वह सेना में नहीं जा सका था। उसने महकार और उसके साथी बुलंदशहर के अकबरपुर रैना निवासी रविन के साथ मिलकर इस बार फिर से भर्ती में शामिल होने की कोशिश की। इस बार उसने करण के नाम से अपने फर्जी कागजात तैयार कराएं। फर्जी प्रमाण पत्र महकार व रविन ने तैयार किए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से करण और अलग नाम वाले भी कई फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किए है। महकार के भी प्रमाण पत्र पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।