मुजफ्फरनगरः छेड़छाड़ के आरोप में आया नया मोड़, दरोगा ने महिला समेत 2 के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
महिला ने दरोगा पर लगाया था छेड़छाड़ करने का आरोप

मुजफ्फरनगर। दरोगा पर छेड़छाड़ के आरोप के मामले में नया मोड़ आ गया है। दरोगा ने आरोप लगाने वाली महिला और उसके पति के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने दरोगा पर घर में घुस कर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया था। फिलहाल पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
दरअसल बुलंदशहर के गांव धनौरा निवासी दरोगा कुंवरपाल शर्मा पुलिस लाइन में तैनात है। शुक्रवार को उसके खिलाफ गांधी कॉलोनी सुभाष नगर निवासी एक महिला ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था. और एसपी सिटी को इस बारे में प्रार्थनापत्र दिया था। इस मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। दरोगा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि महिला और उसके पति विजय ने उनसे बेटी की शादी के लिए 40 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके लिए लिखित में आश्वासन दिया था। 30 हजार रुपये लेकर स्टांप पेपर पर लिख कर दिया।
दरोगा ने तहरीर के माध्यम से बताया कि दस हजार रुपये खाते में जमा कराए। चार माह में रुपये वापस देने का आश्वासन दिया था, लेकिन पांच माह बीतने पर भी रुपये वापस नहीं दिए गए। कई बार फोन करने पर भी उनका फोन रिसीव नहीं किया। आरोप है कि विजय ने पैसा देने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना सिविल लाइन प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।