ट्रैफिक ई-चालान सिस्टम हैक कर सरकार को लगाया 15 लाख का चूना, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

आईडी हैक कर आरोपी कर देते थे ई-चालान की धनराशि कम और डिलीट

 
muradabad

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जन सुविधा केंद्र संचालक ने यातायात पुलिस और न्यायालय की आईडी हैक कर ली। उसने ई चालान की धनराशि कम और डिलीट करके सरकार को लाखों रुपये का राजस्व नुकसान पहुंचा दिया। पुलिस ने जन सुविधा संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस गिरोह में शामिल तीन आरोपी फरार हैं।

एसएसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि मुरादाबाद यातायात पुलिस ने अगस्त 2022 ई चालान रिपोर्ट डाउनलोड की थी। जिसमें गड़बड़ी सामने आई। पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच की। जिसमें पता चला कि आईडी हैक कर ई चालान की धनराशि कम और डिलीट की गई है। इस मामले में पुलिस ने मैनाठेर निवासी शाने आलम और जावेद निवासी असदपुर थाना मैनाठेर को गिरफ्तार कर लिया। शाने आलम ने टीपी नगर में जनसुविधा केंद्र खोल रखा है। इसकी आड़ में फर्जीवाड़ा कर रहा था। दोनों आरोपी स्नातक हैं और कंप्यूटर कोर्स भी कर रखा है।

एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी जन सुविधा केंद्र पर ई चालान जमा करते थे। आरोपियों ने इसी दौरान यातायात पुलिस और न्यायालय की आईडी हैक कर ली थी। जिसमें आरोपी एक साल में पंद्रह लाख से ज्यादा का सरकार को राजस्व नुकसान पहुंचा चुके हैं। इन दोनों के साथ इस गिरोह में एक और आरोपी हैं। फरार तीसरा आरोपी अहमद रजा मैनाठेर के डींगरपुर गांव निवासी है।

आरोपी मुरादाबाद निवासी लोगों के दूसरे जनपदों में भी जाकर ई चालान जमा करते थे। शाने आलम एक दिन कुशीनगर ई चालान जमा करने गया था। वहां आरोपी के सामने ही कर्मचारी ने धीरे धीरे आईडी खोली थी। तब उसने पूरी प्रक्रिया समझ ली थी। वहां से लौटने के बाद आरोपी ने वो ही आईडी अपने कंप्यूटर पर खोलकर देखी। जिसमें वह सफल हो गया था। यहां से ही उसने लोगों के ई चालान जमा करने का काम शुरू किया था। इसके बाद वह मैनाठेर के असदपुर निवासी जावेद के संपर्क में आया। तब दोनों ने आरटीओ कार्यालय के पास जन सुविधा केंद्र खोल लिया और ई चालान जमा करने लगे।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।