कबाड़ में ऐसे ढूंढी खूबसूरती, आयरन स्क्रैप से बनाया चरखा
एमबीए पास अभिषेक ने कई बेरोजगारों को दिया रोजगार

मेरठ। रचनात्मक सोच का अर्थ है, किसी नए तरीके से कुछ देखना। निरंतर अभ्यास से युवक कुछ नया करने में सक्षम भी होने लगता है। मेरठ के अभिषेक यादव ने एमबीए किया है। नौकरी भी की लेकिन मन नहीं रमा। क्योंकि सोच थी कुछ नया करने की थी। विचारों का आदान-प्रदान हुआ तो रास्ते खुलने लगे। मेरठ नगर निगम ने 'कबाड़ से जुगाड़' अभियान शुरू किया। जिसे अभिषेक ने अपनी ताकत बना लिया। पुरानी रिमों और अन्य आयरन स्क्रैप से उन्होंने ऐसी वस्तुएं तैयार कर दीं, जिन्होंने सबका ध्यान खींच लिया। अब 15 लड़कों की ये टीम कबाड़ से रोजगार पैदा कर रही है। अलीगढ़ और बरेली तक के डिग्रीधारी इंजीनियर उनके संपर्क में हैं।
दरअसल.... 27 वर्षीय अभिषेक यादव ने वर्ष-2019 में दीवान इंस्टीटयूट आफ टेक्नोलाजी मेरठ से एमबीए मार्केटिंग और फाइनेंनस किया। एकाउंट्स आडिटिंग, मार्केटिंग और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में तीन साल नौकरी भी की, लेकिन फिर कोई व्यवसाय शुरू करने का मन बनाया। वर्ष 2020 में डिजिटल मार्केटिंग कंपनी शुरू की। नगर निगम में स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के लिए सोशल मैनेजमेंट की जिम्मेदारी मिली। नगर आयुक्त डॉक्टर अमित पाल शर्मा ने कबाड़ से जुगाड़ अभियान शुरू किया।
अभिषेक ने बताया कि उनके साथ अरुण कुमार, कनिका राणा और सत्यम भी हैं, जो आर्टिस्टिक वर्क, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, कास्ट मैनेजमेंट, क्रिएटिव डिजाइनिंग, पेंटिग आदि काम देखते है, जबकि आमिर, पवन कुमार, रिजवान, रुचित भटनागर आर्टिस्ट और स्केचिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं। अभिषेक का कहना है कि कबाड़ से जुगाड़ अभियान ने एक सोच विकसित की है। स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' कार्यक्रम में मेरठ में कबाड़ से जुगाड़ काम की सराहना के बाद अलीगढ़, बरेली नगर निगम और अन्य नगर पालिकाओं के अधिकारी उनसे संपर्क कर रहे हैं।
अभिषेक ने बताया कि प्लास्टिक और आयरन स्क्रैप से गमले, मेज-कुर्सी, बेंच, गुलदस्ते समेत तमाम सजावटी सामान बनाए जा सकते हैं। इससे 60 हजार रुपये मासिक तक कमाई संभव है। नगर आयुक्त डॉक्टर अमित पाल शर्मा कहते हैं, अभिषेक की टीम रचनात्मक सोच के साथ काम कर रही है। शहर में जल्द ही कुछ अन्य कलाकृतियां भी दिखेंगी।देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।