स्टेशन मास्टरों को महिला यात्री को शौचालय की चाबी नहीं देना और दुर्व्यवहार करना पड़ा भारी
महिलाओं ने स्टेशन मास्टरों के खिलाफ की राजकीय रेलवे पुलिस में एफआईआर दर्ज

- रिपोर्टः महेंद्र भारती
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में जंक्शन के दो स्टेशन मास्टरों को महिला यात्री को शौचालय की चाबी नहीं देना और उनसे दुर्व्यवहार करना भारी पड़ गया। महिला ने दोनों स्टेशन मास्टरों के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला द्वारा कराई गई रिपोर्ट के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दरअसल... दिल्ली के पश्चिम विहार की रहने वाली महिला यात्री स्टेशन के वेटिंग रूम में बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी बीच उसकी तबीयत खराब हो गई और वे शौचालय के पास पहुंची तो वहां ताला बंद मिला। इतना ही नहीं पुरुष शौचालय पर भी ताला लटका हुआ था। इसके बाद महिला ने स्टेशन मास्टर विनय के पास जाकर शौचालय की चाबी मांगी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्टेशन मास्टर के पास उस वक्त दूसरे स्टेशन मास्टर रामऔतार भी बैठे हुए थे। दोनों ने ये कहते हुए चाबी देने से मना कर दिया कि महिलाएं शौचालय को गंदा कर देती है। आरोप है कि जब महिला ने उल्टा सवाल दागते हुए पूछा कि सार्वजनिक शौचालय पर इस तरह ताला नहीं लगाया जा सकता तो दोनों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
इसके बाद महिला ने दोनों के खिलाफ जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने दोनों स्टेशन मास्टर के खिलाफ धारा 353, 506, 509 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जाएगा।