‘नशेड़ी चूहे’ खा गए थाने में रखा 586 किलो गांजा, पुलिस ने जारी की रिपोर्ट
कोर्ट ने रिपोर्ट पर हैरानी जताते हुए मांगे सबूत

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने कोर्ट में एक रिपोर्ट पेश की है, जिसमें कहा गया है कि थाने में रखा 586 किलोग्राम गांजा चूहे खा गए। रिपोर्ट के मुताबिक गांजे की कीमत 60 लाख रुपये थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की इस रिपोर्ट पर कोर्ट ने भी हैरानी जताई और इसके सबूत भी मांगे।
कोर्ट ने चूहों पर अंकुश लगाने को कहा
पुलिस के मुताबिक 586 किलो गांजा दो अलग-अलग मामलों में नारकोटिक्स ड्रग्स साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत जब्त किया गया था। जिसकी रिपोर्ट एडीजे-7 की कोर्ट में पेश की गई थी। लेकिन गांजा चूहे खा गए। कोर्ट ने इसके सबूत 26 नवंबर तक पेश करने को कहा है। इसके आलावा कोर्ट ने चूहों की समस्या से निपटने के भी आदेश दिए। कोर्ट ने SSP को आदेश देते हुए कहा कि चूहों पर लगाम लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए।
2018 में किया गया था गांजा जब्त
पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक वर्ष 2018 में शेरगढ़ और हाईवे से भारी मात्रा गांजा बरामद किया था। सबूत के तौर पर पुलिस ने गांजे को पेश भी किया था। लेकिन अब पुलिस ने बताया है कि गांजा तो चूहे खा गए हैं। पुलिस ने कहा कि गोदाम में चूहे काफी ज्यादा हैं और उनसे गांजे को नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने जब्त गांजा पेश करने में बेबसी जाहिर की। पुलिस ने ये भी बताया कि जो थोड़ा गांजा बचा था उसे नष्ट कर दिया गया। अब अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।