अरमानों पर फिरा पानी, विदाई के समय बोली दुल्हन- 'मैं नहीं जाऊंगी इसके साथ, मेरे साथ धोखा हुआ'
शादी तय होने के बाद फोन पर बात नहीं कराईः दूल्हन

झांसी। दिल में अरमान सजाएम दूल्हा धूमधाम से बरात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। रात भर शादी की सभी रस्में पूरी होती रहीं। लेकिन, जब विदाई का समय आया तो दूल्हे को अचानक मिर्गी का दौरा आ गया और वो जमीन पर गिर गया। इसके बाद दुल्हन ने सुसराल जाने से इंकार कर दिया। बोली धोखे में रखकर शादी की गई। बीमारी के बारे में पहले जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बाद समाज के लोग दिन भर दुल्हन को समझाते रहे, लेकिन वो मानी नहीं। दुल्हन ने वर पक्ष की शिकायत पुलिस से भी की है।
18 जनवरी को हुई थी सगाई
दरअसल अलीगोल खिड़की अंदर कोरियों का मंदिर निवासी सुरेश की बेटी आरती की पुलिया नंबर 9 महाराज सिंह नगर निवासी लालता प्रसाद के बेटे एसी मैकेनिक राजकुमार उर्फ मोनू से 18 जनवरी को सगाई हुई थी। तय तिथि पर राजकुमार धूमधाम से बरात लेकर मुहल्ले के ही एक विवाह घर में पहुंचा। दुल्हन पक्ष की ओर से भी बरात के स्वागत में कोई कमी नहीं रखी गई। लगभग पांच सौ लोग विवाह समारोह में शामिल हुए।
विदाई के दौरान चक्कर खाकर गिरा दूल्हा
रात भर विवाह की रस्में चलती रहीं। इस दौरान सभी बेहद खुश थे। सुबह तकरीबन दस बजे विदा की तैयारी होने लगी। भाई दीपक ने आरती को गोद में ले जाकर कार में बैठाया। दूल्हा भी कार में बैठा हुआ था। इसी दरम्यान अचानक उसे मिर्गी का दौरा आ गया और वो कांपते हुए जमीन पर गिर गया। वहां मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे दौरे पर काबू किया। लेकिन, इसके बाद आरती कार से उतरकर अपने घर आ गई। उसने साफ कह दिया कि वह ससुराल नहीं जाएगी। उसे समझाने की तमाम कोशिशें होती रहीं, परंतु वह नहीं मानी।
धोखे में रखकर की गई शादी
आरती की ओर से कोतवाली में शिकायत की गई, जिसमें आरोप लगाया कि दूल्हे पक्ष के लोगों की ओर से बीमारी की जानकारी नहीं दी गई थी। उसे धोखे में रखकर शादी की गई। शादी पर हुआ खर्च वापस दिलाया जाए। बता दें कि आरती तीन बहनों में दूसरे नंबर की है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। जबकि, चार भाई हैं। पिता की आठ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।
शादी तय होने के बाद वधू को नहीं करने दी बात
आरती के भाई दीपक ने बताया कि शादी तय होने के बाद वर पक्ष के लोगों ने कभी भी उसकी बहन की राजकुमार से बात नहीं होने दी। यहां तक कि फोन पर भी कभी बात नहीं हुई। उन्हें डर था कि बातचीत के दौरान कहीं बीमारी का भेद नहीं खुल जाए। भाई ने बताया कि बहन की शादी पड़ोस में रहने वाले राजकुमार के रिश्तेदार ने तय कराई थी।
नहीं सोने के कारण चक्कर आकर गिरा
वहीं दूल्हे राजकुमार के रिश्तेदार पूरन चंद्र ने बताया कि उसे कोई बीमारी नहीं है। पहली बार उसे चक्कर आया है। शादी का कामकाज होने की वजह से राजकुमार तीन-चार दिन से सोया नहीं था, जिससे विदाई के समय वो चक्कर खाकर गिर गया।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।