Operation Game Over: क्या फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं भारतीय क्रिकेटर? चेतन शर्मा ने स्टिंग ऑपरेशन में किया बड़ा खुलासा

चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने कहा, कोहली-रोहित के बीच कोई मनमुटाव नहीं

 
CHATEN SHARMA

नई दिल्ली। बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा का एक स्टिंग ऑपरेशन सामने आया है। पूर्व भारतीय गेंदबाज शर्मा (Former Indian bowler Sharma) ने इसमें कई सनसनीखेज दावे किए हैं। चेतन शर्मा के मुताबिक कुछ भारतीय क्रिकेटर्स पूरी तरह फिटनेस हासिल करने के लिए इंजेक्शन तक लेते हैं। इसके अलावा उन्होंने रोहित-विराट कोहली (Rohit-Virat Kohli) के संबंधों पर भी बात की है। दरअसल शर्मा को पिछले महीने दोबारा से चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे पांच सदस्यों वाली चयन समिति के प्रमुख हैं।

ये कोई पेन किलर नहीं

चेतन शर्मा ने ये सनसनीखेज खुलासा एक मीडिया संस्‍थान के स्टिंग ऑपरेशन में किया है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के कुछ सुपरस्टार प्लेयर्स इंजेक्शन लेते हैं। 80 प्रतिशत फिट होने पर भी 100 प्रतिशत फिट हो जाते हैं। चेतन शर्मा के मुताबिक ये पेन किलर नहीं हैं। ये इंजेक्शन डोप टेस्ट में पकड़ में नहीं आते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि प्लेयर्स को मालूम होता है कि किस इंजेक्शन को डोप टेस्ट में पकड़ा जा सकता है और किसको नहीं।

हम भारत में क्रिकेट चलाते हैं

चेतन शर्मा ने कहा कि कप्तान से लेकर खिलाड़ी तक उनपर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि हम पांच लोग (चयनकर्ता) भारत में क्रिकेट चलाते हैं। हम वर्तमान और भविष्य तय करते हैं। रोहित शर्मा मुझसे फोन पर 30 मिनट तक बात करते हैं। हार्दिक, उमेश और दीपक हुड्डा हाल ही में मेरे घर आए थे। वे मुझ पर भरोसा करते हैं। खिलाड़ी अपने भविष्य के बारे में बात करने के लिए मेरे घर आते हैं।

रोहित-कोहली पर भी बोले शर्मा

रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच कई बार मनमुटाव की खबरों पर चेतन का कहना है कि दोनों धाकड़ खिलाड़ियों में कोई टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच कोई तकरार नहीं है। वे एक दूसरे को सपोर्ट करते हैं।

सौरव गांगुली-विराट पर टिप्पणी

पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के बारे में भी टिप्पणी की। चेतन ने कहा, ‘यह मत कहिए कि सौरव गांगुली ने रोहित शर्मा का पक्ष लिया, ये कहें कि गांगुली ने विराट कोहली को पसंद नहीं किया। आप इसे इस तरह से रख सकते हैं।

हार्दिक पांड्या को लेकर दावा

चेतन ने कहा है कि हार्दिक फ्यूचर कैप्टन होंगे। कहा कि हार्दिक लंबे समय तक कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे और नियमित कप्तान रोहित टी-20 टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे।


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।