पशुपालन विभाग के 130 नवनियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र, कैबिनेट मंत्री ने दी शुभकामनाएं
पशु चिकित्सा अधिकारियों से पशुओं का उपचार संवेदनशीलता से करने का किया आग्रह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पशुधन विभाग के उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 130 नवनियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को गुरुवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा पशुपालन निदेशालय में 80 पशु चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। 50 पशु चिकित्सा अधिकारियों को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
धर्मपाल सिंह ने इस अवसर पर नवनियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पशुओं के उपचार का कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ करें और पशु विज्ञान क्षेत्र में हो रही निरंतर विकसित तकनीक को अपनाते हुए विभाग की योजनाओं का लाभ पशुपालकों तक पहुंचाए। पशुधन उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण अंग है और उसका संरक्षण और संवर्धन करना अत्यंत आवश्यक है, जो पशु चिकित्सा अधिकारियों के बिना संभव नहीं है। इसलिए पशुपालन विभाग के प्रति निष्ठा पूर्वक कार्य करना पशु चिकित्सकों के लिए धर्म के समान है।
नवनियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारियों का स्वागत करते हुए अपर मुख्य सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास, डॉक्टर रजनीश दुबे ने उनको अपना कार्य पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा एवं लगन से करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारी स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक कार्य करें और अपनी प्रतिभा और क्षमता का इस्तेमाल निरंतर करते हुए अपने तकनीकी और कौशल में भी वृद्धि करते रहें।
इस अवसर पर विशेष सचिव, पशुधन देवेंद्र पांडेय, निदेशक प्रशासन एवं विकास डॉक्टर इंद्रमणि, निदेशक रोग नियंत्रण प्रक्षेत्र डॉक्टर तरुण कुमार तिवारी, वीके सिंह, राजेश सैनी, डॉक्टर जेपी वर्मा एवं डॉक्टर नीलम बाला समेत नवनियुक्त पशु चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।