रामपुर में भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी
आजम खान के गढ़ में लगाई थी सेंध

रामपुर। रामपुर शहर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक आकाश सक्सेना को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से किया गया है। अब विधायक उत्तर प्रदेश पुलिस की सुरक्षा के साथ ही केंद्र सरकार से मिली वाई सुरक्षा के घेरे में रहेंगे।
आजमखान के गढ़ में खिलाया था कमल
समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजमखान का गढ़ माना जाने वाला जनपद रामपुर में सपा उम्मीदवार आसिम रजा को हराकर आकाश सक्सेना पहली बार भाजपा से विधायक बने हैं। इस सीट से कभी आजम खान भी विधायक थे। लेकिन भड़काऊ भाषण देने पर उनके खिलाफ दर्ज मामले में दोषी पाए जाने पर उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
पिछले साल दिसम्बर 2022 में हुए उप चुनाव में सपा उम्मीदवार को हराकर भाजपा से आकाश ने रामपुर विधानसभा सीट पर कमल खिलाया था। जबकि आजम खान का इस सीट पर एकछत्र राज हुआ करता था और यहां से खड़े होने वाले सपा के उम्मीदवार बड़ी आसानी से जीत हासिल कर लेता था। लेकिन आकाश ने यह कारनामा कर दिखाया है। इतना ही नहीं आकाश सक्सेना ने आजम खान के खिलाफ कई मुकदमें भी दर्ज कराए हैं।
केंद्र सरकार है मेहरबान, मिली वाई प्लस सुरक्षा
माना जा रहा है कि इन सभी कारणों के चलते केंद्र सरकार उन पर मेहरबान है। इसी के चलते उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। अब वह पूरे भारत वर्ष में कहीं भी वाई प्लस सुरक्षा में जाएंगे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि भाजपा के शहर विधायक को वाई प्लस सुरक्षा मिली है। इसके अंतर्गत सीआरपीएफ की एक प्लाटून होती है, जिसमें 18 जवान शामिल होते हैं। ये जवान आधुनिक हथियारों से लैस होते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी सुरक्षा में रहते हैं।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।