भाजपा देवरिया की घटना का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है- अखिलेश यादव

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। देवरिया की घटना के लिए यह सरकार जिम्मेदार है। भाजपा इस घटना का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।
भाजपा में जो पीडीए के लोग हैं, वे भी जातीय जनगणना चाहते हैं- अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव मैनपुरी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सपा मुखिया ने कहा कि देवरिया की घटना का भाजपा सरकार लाभ लेना चाहती है। दोनों परिवार न्याय के लिए कई बार सरकार के अधिकारियों से मिले। लेकिन, उन्हें न्याय नहीं मिला। इस घटना में जिन लोगों ने न्याय नहीं किया, वह दोषी हैं। कहा कि बिहार में जातीय सर्वे का जो आंकड़ा आया है, उससे पीडीए - पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक - खुश हैं। आने वाले समय में देश इसे स्वीकार करेगा। पूरे देश में भी सर्वे होगा। जो जातियां पीछे रह गयी है, उन्हें न्याय मिलेगा। भाजपा में जो पीडीए के लोग हैं, वे भी जातीय जनगणना चाहते हैं।
नेताजी मुलायम सिंह यादव मैनपुरी के एक-एक परिवार से जुड़े थे- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि नेताजी मैनपुरी के एक-एक परिवार से जुड़े थे। नेताजी ने लोकतंत्र, समाजवाद और सेक्युलरिज्म को बचाने का काम किया। वे जमीनी नेता थे। लोगों की भावनाओं को समझते थे। सुख-दुःख में साथ रहे। इस क्षेत्र ने नेताजी को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। वे ऐसे नेता थे जो कभी-कभी धरती पर आते हैं। उन्होंने रास्ता दिखाया और हम समाजवादियों को नई दिशा दी।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।