जिलाधिकारी की अनोखी मुहिम से साकार होगा सपना, छदम्मी के परिवार को मिलेगी अपनी छत

 डेढ़ माह में बनकर तैयार होगा मकान, जिलाधिकारी खुद कराएंगे गृह प्रवेश
 
grih prevesh
  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर। प्रशासनिक पहल के अंतर्गत छदम्मी को भी अब अपना मकान मिलेगा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ विकासखंड चमरौआ के ग्राम जौलपुर के रहने वाले छदम्मी के घर पहुंचे और भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके मकान की जर्जर स्थिति के बारे में प्रशासन को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी। जिलाधिकारी को जब छदम्मी के मकान की जर्जर स्थिति का पता चला तो उन्होंने तत्काल प्रशासनिक टीम को जांच के लिए निर्देशित किया।
जांच के दौरान यह पता चला कि उनके मकान की स्थिति काफी खराब है और आर्थिक स्थिति भी बेहतर नहीं है जिसकी वजह से वे अपने मकान का निर्माण नही करा सकते। उनके सामने अपने परिवार को एक सुरक्षित छत के नीचे रखने का भी संकट है, जिलाधिकारी की पहल को आगे बढ़ाने और छदम्मी को अपना मकान देने के लिए जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने रुचि दिखाई और जिलाधिकारी के कहने पर छदम्मी के लिए दो कमरे और किचन बनवाने की जिम्मेदारी ली।
 जिलाधिकारी ने जौलपुर पहुंचकर छदम्मी के मकान के लिए निर्धारित भूमि पर पूजन किया, उनके जर्जर मकान की स्थिति देखी तथा कहा कि सरकार की विभिन्न आवासीय योजनाओं को प्रभावी बनाने के साथ-साथ किसी कारणवश वंचित रहे गरीब और जरूरत मन्द लोगों को जिले के संपन्न और सम्भ्रान्त जनों के सहयोग से अपनी छत देने की मुहिम लगातार जारी है। लोग रुचि दिखा रहे हैं और स्वयं आगे आकर जरूरतमंद लोगों का सहयोग कर रहे हैं जो अत्यंत सराहनीय है। जिलाधिकारी ने कहा कि अगले डेढ़ माह में छदम्मी का मकान बनकर तैयार हो जाएगा तब वे पुनः आएंगे और छदम्मी के परिवार का ग्रह प्रवेश कराएंगे।
 


देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।