यूपी में 65 घंटे बाद बिजली कर्मियों की हड़ताल खत्म, बहाल होंगे बर्खास्त कर्मचारी
ऊर्जा मंत्री-कर्मचारी नेताओं की बैठक में बनी सहमति

Strike in UP: उत्तर प्रदेश में बिजली कर्मियों की हड़ताल अभी-अभी खत्म हो गई है। करीब 65 घंटे चली हड़ताल से UP की जनता परेशान थी। रविवार दोपहर को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच तीसरे राउंड की बैठक में बात बनी। इसके बाद बिजली कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल खत्म होने का ऐलान किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री भी मौजूद रहे हैं।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि सरकार ने जिन 3000 बिजली कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किया है। उनको वापस लिया जाएगा। इसके अलावा, 22 लोगों पर एस्मा लगाया था, 29 लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए थे। इसे भी सरकार वापस लेगी।
शैलेंद्र दुबे ने कहा कि ये हड़ताल ऊर्जा मंत्री के आश्वासन और हाईकोर्ट के सम्मान में वापस हुई है। हालांकि, एक बार फिर से कर्मचारियों को कहीं भी कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है।
बता दें कि रविवार सुबह 11 बजे दूसरे राउंड की वार्ता के लिए कर्मचारी नेता बैठक में पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक मंत्री का इंतजार किया। लेकिन, ऊर्जा मंत्री नहीं आ पाए थे। इसके बाद संघर्ष समिति के नेता लोग चले गए। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के शैलेंद्र दुबे ने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने रविवार को बातचीत के लिए बुलाया था। इसलिए, वे लोग आए थे।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।