भदोही में तैयारी तेज, 1 नवंबर शुरू होगी खरीद, 20 केंद्रों की सुविधा बढ़ाई गई
52 क्रेदों पर होगी 66 हजार एमटी धान खरीद

- रिपोर्ट- गिरीश पांडेय
भदोही। जिले में एक नवंबर से शुरू हो रही धान की खरीद की तैयारी तेज हो गई है। विपणन विभाग की ओर से नामित केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं समय से पहले उपलब्ध कराने का निर्देश प्रभारियों को दिया है। 52 क्रेदों पर 66 हजार एमटी धान खरीद का लक्ष्य मिला है। अबकी बार किसानों की सहूलियत के लिए क्रय केंद्रों की संख्या 20 बढ़ा दी गई है। जिससे किसानों को दूर नहीं जाना होगा।
इस साल धान खरीद के लिए 52 केंद्र खोले गए
जिले में रबी सीजन में गेहूं और खरीफ में धान की मुख्यत खेती होती है। गेहूं जहां 48 हजार हेक्टेयर रकबे में बोई जाती है तो धान 30 से 35 हजार हेक्टेयर में रोपी जाती है। सरकार दोनों सीजन में क्रय केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीद करती है। धान की फसल करीब-करीब तैयार हो चुकी है। कई क्षेत्रों में कटाई भी शुरू हो गई है। पखवारे भर में धान को सूखाकर किसान क्रय केंद्रों पर बेचने के लिए पहुंचेंगे। एक नवंबर से शुरू हो रही धान खरीद के लिए क्रय केंद्रों की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, डिजिटल कांटा आदि को व्यवस्थित किया जा रहा है। विपणन विभाग के मुताबिक इस साल धान खरीद के लिए 52 केंद्र खोले गए हैं। जिसमें 66 हजार एमटी धान की खरीद होगी।
1100 किसानों ने कराया पंजीकरण
जिला विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि 52 क्रय केंद्र खोले गए हैं। क्रय केंद्रों की संख्या पिछले साल से 20 अधिक है। जिससे किसानों को अपने नजदीक के समितियों या क्रय केंद्रों पर बेचने में दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2183 और ग्रेड ए का 2203 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। बताया कि अब तक 1100 किसानों ने पंजीकरण कराया है। कहा कि अभी धान की कटाई चल रही है। क्रय केंद्रों पर पहुंचने में करीब-करीब 15 दिनों का समय लगेगा, लेकिन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।