मुजफ्फरनगरः दहेज में ट्रैक्टर नहीं देने पर निकाह से किया इंकार, दूल्हे समेत परिवार को बनाया बंधक
दूल्हे ने निकाह से पहले की थी महिंद्रा 585 ट्रैक्टर की मांग

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दहेज मांगने पर दूल्हा समेत बारात को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूल्हे और उसके पिता ने दहेज में ट्रैक्टर लिए बिना निकाह करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे समेत पूरी बारात को बंधक बना लिया। मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई।
दरअसल चरथावल थाना इलाके में भारतीय किसान यूनियन के ग्राम अध्यक्ष आस मोहम्मद की भतीजी की मंगलवार को शादी थी। गांव कुल्हेड़ी में शादी का प्रोग्राम रखा गया था। शामली जिले के गांव भैसानी निवासी वसीम से का निकाह होना था। गांव में बारात पहुंचने पर स्वागत के बाद नाश्ता कराया गया। आरोप है कि खाना खाने के बाद बाराती जब निकाह के लिए बैठे तो दूल्हा बने वसीम ने दहेज में ट्रैक्टर की मांग की। लड़की वालों ने अपने आप को गरीब बताते हुए दहेज में ट्रैक्टर देने में असमर्थता जताई। जिस पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने निकाह से इनकार कर दिया। इस पर हंगामा हो गया।
दहेज में ट्रैक्टर मांगने की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं को मिली तो उन्होंने दूल्हा समेत बारात को बंधक बना लिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इस दौरान आसपास के गांव वाले और मेहमानों ने बारातियों और दूल्हा को बैठाकर पंचायत शुरू की।
भारतीय किसान यूनियन ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। लड़की पक्ष के लोग 4 लाख का सामान पहले ही दूल्हा पक्ष को दे चुके थे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।