सरकार जितनी कमजोर होगी, छापे बढ़ेंगे : अखिलेश यादव
भाजपाई इतना याद रखे कि तानाशाहों के अहंकार का अंत अवश्य होगा-अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री आजम खान के ठिकानों पर आयकर विभाग (आईटी) के छापे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जितनी कमजोर होगी उतना ही विपक्ष पर छापे बढ़ते जाएंगे। कहा कि आज़म साहब सदैव फ़िरक़ापरस्त ताक़तों से लड़ते रहे हैं। आज उनकी आवाज़ के साथ हम सब एकजुट होकर खड़े हैं। भाजपा सरकार तानाशाही एवं केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग बंद करे। भाजपाई इतना याद रखे कि तानाशाहों के अहंकार का अंत अवश्य होता है, 2024 में जनता जवाब देगी।
मुस्ताक अहमद के गोलागंज स्थित आवास पर सुबह से इनकम टैक्स का छापा
उल्लेखनीय है कि बुधवार को आजम खान के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमों ने छापेमारी की है। आज सुबह-सुबह यूपी और मध्य प्रदेश में आजम खान के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई को लेकर बताया जा रहा है कि रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, लखनऊ और सीतापुर सहित कई शहरों में छापेमारी चल रही है। यह छापामारी मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी बताई जा रही है। लखनऊ के रिवर बैंक इलाके में आजम के ठिकाने पर छापा पड़ा है। लखनऊ के गोलागंज में भी छापेमारी चल रही है। जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारी और आजम खान के करीबी मुस्ताक अहमद के गोलागंज स्थित आवास पर सुबह सात बजे इनकम टैक्स की टीम पहुंची।
इससे पहले भी अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर विपक्ष को डराने का आरोप लगाया था। तमिलनाडु में टीडीपी अध्यक्ष और पूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने कहा था कि विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार करने का चलन हो गया है। जो सत्ता के साथ नहीं आ रहा है उसे जेल में डाल दो। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले समय में इसे खतरनाक चलन भी बताया था।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।