उत्तराखंडः आर-पार की लड़ाई में उतरे रोड़वेज कर्मचारी, बसों का संचालन हुआ ठप
31जनवरी की रात से अनिश्चितकालीन हडताल की दी चेतावनी

देहरादून। अपनी मांगों को लेकर उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारी एक बार फिर लामबंद हो चुके हैं जिस कारण आज बसों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। रोडवेज कर्मचारियों के आंदोलन के कारण 27 जनवरी यानि आज देहरादून समेत प्रदेशभर में रोडवेज बसों का संचालन ठप रहेगा। वहीं, दिल्ली समेत दूसरे प्रदेशों में जाने वाली बसों का संचालन भी नहीं होगा।
दरअसल... विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की बुधवार को प्रबंधन से वार्ता विफल हो गई थी। इसके बाद प्रबंधन ने उन्हें बृहस्पतिवार को दोबारा वार्ता को बुलाया था। लेकिन फिर बात नहीं बनी।
संयुक्त मोर्चा ने भी चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न हुई तो वे 31 जनवरी की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। इस बार विभिन्न मांगों को लेकर परिवहन निगम कर्मचारियों के संगठन संयुक्त मोर्चा बनाकर आरपार की लड़ाई की तैयारी में हैं।
इसके तहत एक दिवसीय धरने का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें आज आईएसबीटी देहरादून परिसर में धरना प्रदर्शन होना है। इस दौरान अशोक चौधरी, दिनेश पंत, राम किशुनराम, जगदीश बहुगुणा, हरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह रावत, रवि नंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।