देश के सर्वोत्तम 3 थानों में आया उत्तराखंड का ये थाना, गृह मंत्री ने किया सम्मानित
थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक को प्रशंसा प्रमाण पत्र से किया सम्मानित

उत्तराखंड। चम्पावत जिले के बनबसा थाने ने देश के सर्वश्रेष्ठ 3 पुलिस स्टेशनों में जगह बनाई है। देश में तीसरा सर्वोत्तम स्थान पाने वाले पुलिस स्टेशन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में शुरू हुए DGsP और IGsP सम्मेलन में सम्मानित किया। इस दौरान थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिहं को केंद्रीय गृह मंत्री से प्रशंसा प्रमाण पत्र के साथ प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि ये उपलब्धि प्रदेश में सुशासन एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे सभी पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल है। इस दौरान अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड ने पुलिस अधीक्षक, समेत बनबसा थाने के समस्त कर्मियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि देश में 16 हजार पुलिस स्टेशन हैं और उनमें से सर्वश्रेष्ठ 3 पुलिस स्टेशनों में जगह बनाना गौरव की बात है।
आपको बता दे ये पहली बार है कि उत्तराखंड के किसी पुलिस स्टेशन ने टॉप 3 में जगह बनाई है। इससे पहले देश के टॉप 10 थानों की श्रेणी में वर्ष 2017 में थाना बनभूलपुरा और ऋषिकेश को लिस्ट में 6 और 8 वें स्थान पर और वर्ष 2018 में थाना मुनस्यारी को 9 वें स्थान पर जगह मिली थी।
पुलिस स्टेशनों की रैंकिंग गृह मंत्रालय द्वारा एक वार्षिक अभ्यास है। देश के टॉप थानों की श्रेणी में स्थान पाने के लिए कुछ मानक तय किए जाते हैं। पुलिस स्टेशनों को 165 विभिन्न मापदंडों जैसे अपराध नियंत्रण, अपराध दर, जांच और मामलों के निपटान, बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवा के वितरण के आधार पर आंका जाता है।
देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें पाने के लिए अब आप समाचार टुडे के Facebook पेज Youtube और Twitter पेज से जुड़ें और फॉलो करें। इसके साथ ही आप SamacharToday को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है।