होमगार्ड की सजगता का आई काम, सड़क पर लहूलुहान घायल व्यक्ति की बचाई जान

ऋषिकेश। आजकल के समय में ऐसा बहुत कम होता है कि जब लोग किसी अनजान व्यक्ति की मदद के लिए आगे आए, वो भी तब जब मामला एक्सीडेंट का हो। लेकिन आर्य पी.डब्लू.डी. तिराहा, मुनिकीरेती, ऋषिकेश में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान प्रकाश आर्य ने ऐसा कुछ किया जो वाकई तारीफ के लायक है।
जानकारी के मुताबिक होमगार्ड जवान प्रकाश को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी कि ब्रहमानन्द मोड़ मुनिकीरेती से पीछे की तरफ 100 मीटर दूर कोई व्यक्ति घायल अवस्था में लहु-लुहान होकर नाली में पड़ा हुआ है। जिस पर होमगार्ड प्रकाश आर्य बीना देर किए घायल व्यक्ति के पास पहुचें और अपने साथ होमगार्ड विकास आर्य की मदद से घायल व्यक्ति को अपने निजी साधन के माध्यम से उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया।
जहां पर घायल व्यक्ति का उपचार किया गया। बाद में घायल व्यक्ति की पहचान जगदीश गुप्ता, चन्द्रभागा चन्द्रेश्वर नगर ऋषिकेश देहरादून के रूप में की गई। जगदीश गुप्ता ने ठीक होने के बाद होमगार्ड्स जवानों को सहायता करने के लिए धन्यवाद दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल
अस्पताल पहॅुचाने से पहले किसी व्यक्ति ने इस सड़क दुर्घटनाओं की रिकार्डिंग कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनो होमगार्ड्स ने इस सड़क दुर्घटना में First Responder का कार्य किया, जो कि अन्य होमगार्ड्स एवं आम जनमानस के लिए एक सबक था।
पुलिस महानिरीक्षक/कमाण्डेन्ट जनरल, होमगार्ड्स केवल खुराना (आई.पी.एस.) ने होमगार्ड प्रकाश आर्य एवं विकास आर्य की सजगता, सूझबूझ एवं त्वरित प्रतिक्रिया की प्रशंसा करते हुए दोनो होमगार्ड्स को कमाण्डेन्ट जनरल, होमगार्ड्स डिस्क (CG HG DISC ) एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की है।