सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ खुले, कच्चे तेल की तेजी से बाजार दबाव में

सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ खुले, कच्चे तेल की तेजी से बाजार दबाव में - SamacharToday.co.in

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और महंगे क्रूड ऑयल का असर, शुरुआती कारोबार में बिकवाली हावी

मुंबई, 23 जुलाई: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को कमजोरी के साथ हुई। कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते शुरुआती कारोबार में निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। बीएसई सेंसेक्स 239.95 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,515.10 पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी 91.45 अंक यानी 0.38 प्रतिशत फिसलकर 23,904.80 पर कारोबार शुरू किया।

ऑयल एंड गैस शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी ऑयल एंड गैस सबसे अधिक दबाव में रहा और लगभग 1 प्रतिशत टूट गया। इसके अलावा फार्मा, रियल्टी, पीएसयू बैंक, हेल्थकेयर, सीमेंट और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। हालांकि, एफएमसीजी और मिडस्मॉल आईटी एवं टेलीकॉम सेक्टर में सीमित खरीदारी दर्ज की गई, जिससे इन सूचकांकों ने हरे निशान में कारोबार किया।

इन दिग्गज शेयरों में रही सबसे ज्यादा गिरावट

निफ्टी के प्रमुख गिरने वाले शेयरों में डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज, इंडिगो, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, सिप्ला, टाटा स्टील और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) शामिल रहे। इनमें कुछ शेयर शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक टूट गए।

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, हूती विद्रोहियों द्वारा लाल सागर में सऊदी अरब के तेल टैंकरों पर हमले के बाद पश्चिम एशिया का संकट और गहरा गया है। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 2.57 प्रतिशत बढ़कर 96 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 2 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 88.67 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया।

एशियाई और अमेरिकी बाजारों का मिला-जुला रुख

एशियाई बाजारों में कारोबार मिश्रित रहा। जापान का निक्केई मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 3 प्रतिशत तक मजबूत हुए। वहीं ताइवान वेटेड इंडेक्स लगभग 1 प्रतिशत और सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी रही। पिछले कारोबारी सत्र में एसएंडपी 500 0.14 प्रतिशत और नैस्डैक 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *