राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की 20 महिला कैडेट्स ने लद्दाख में आयोजित ‘अपराजिता-परांगला 2026’ हाई अल्टीट्यूड लॉन्ग ट्रेक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। कैडेट्स ने 30 दिनों में करीब 250 किलोमीटर की दूरी तय की। यह अभियान हिमाचल प्रदेश के किब्बर से शुरू होकर लद्दाख के करजोक तक पहुंचा, जिसमें ग्लेशियर, बर्फीले मैदान और नदी घाटियों जैसे चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले क्षेत्र शामिल थे।
अभियान के दौरान कैडेट्स के साथ अधिकारी, प्रशिक्षक, मेडिकल स्टाफ और अन्य सहयोगी कर्मचारी भी मौजूद रहे। अभियान का समापन आज लद्दाख के करजोक में हुआ, जहां NCC के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और रक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
महिला कैडेट्स के लिए आयोजित हुआ अभियान
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अखिल भारतीय गर्ल्स हाई अल्टीट्यूड लॉन्ग ट्रेक का उद्देश्य युवतियों को साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें कठिन ऊंचाई वाले इलाकों में काम करने का अनुभव देना था।
NCC महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने अभियान पूरा करने पर कैडेट्स और पूरे स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीमवर्क और कठिन परिस्थितियों में टिके रहने की क्षमता विकसित करने में मदद करती हैं।
18 अगस्त को दिल्ली से हुआ था फ्लैग ऑफ
‘अपराजिता-परांगला 2026’ अभियान को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अगस्त को नई दिल्ली से रवाना किया था। इसके बाद महिला कैडेट्स ने हिमाचल प्रदेश से लद्दाख तक चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय क्षेत्र में यात्रा पूरी की।
30 दिनों तक चले इस अभियान में करीब 250 किलोमीटर का सफर तय करना कैडेट्स के लिए शारीरिक और मानसिक सहनशक्ति की परीक्षा रहा। ग्लेशियर, बर्फीले क्षेत्र और नदी घाटियों से होकर गुजरे अभियान ने प्रतिभागियों को उच्च ऊंचाई वाले वातावरण में काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी दिया।
