फिलीपींस में आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त MV June Aster फेरी पर दमकलकर्मी पहुंच गए हैं। बुधवार रात मनीला से पश्चिमी प्रांत पलावन जा रही फेरी में आग लगने के बाद पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 84 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव अभियान लगातार जारी है।
फिलीपीन कोस्ट गार्ड के अनुसार, जहाज में आग लगने के बाद तेज धुआं और अत्यधिक गर्मी के कारण दमकलकर्मी काफी समय तक अंदर नहीं जा सके। एक दिन से अधिक समय बाद टीम जले हुए जहाज के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने में सफल रही।
जहाज के मैनिफेस्ट के मुताबिक, फेरी पर 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने दो लोगों के जहाज पर मौजूद नहीं होने की पुष्टि के बाद लापता लोगों की संख्या 86 से घटाकर 84 कर दी है। अब तक 43 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।
हादसे की तस्वीरों और हवाई फुटेज में फेरी के ऊपरी डेक आग से काले पड़े दिखाई दिए। कुछ हिस्सों से हल्का धुआं निकलता नजर आया। कोस्ट गार्ड ने इलाके में पांच जहाज और गोताखोरों को लगाया है। सेना की नावें, मछुआरे और निजी रिसॉर्ट संचालक भी खोज अभियान में मदद कर रहे हैं।
हादसे में बचे रिचर्ड मार्सेलियानो ने बताया कि उन्होंने पहले थोड़ी मात्रा में धुआं देखा, जो कुछ ही समय में तेज आग में बदल गया। उनके अनुसार, आग बहुत तेजी से पूरे जहाज में फैल गई और वे अन्य यात्रियों के साथ करीब दो घंटे तक समुद्र में रहे, जिसके बाद बचाव हुआ।
आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। समुद्री उद्योग प्राधिकरण ने जीवित बचे लोगों के हवाले से बताया कि जहाज के भीतर लगातार दो धमाकों की आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद आग भड़क उठी।
फेरी की क्षमता 330 लोगों की थी और उस पर मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन, फोर्कलिफ्ट, पिकअप ट्रक तथा अन्य सामान भी मौजूद था। कोस्ट गार्ड और अन्य एजेंसियां अब लापता लोगों की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं।
