वेव्स फ़िल्म बाज़ार स्क्रीनराइटर्स लैब 2025 का प्रोजेक्ट फ़िनलैंड की कंपनी के साथ करेगा संयुक्त निर्माण
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल फ़िल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएफडीसी) द्वारा आयोजित वेव्स फ़िल्म बाज़ार ने घोषणा की है कि वेव्स फ़िल्म बाज़ार स्क्रीनराइटर्स लैब 2025 के लिए चयनित प्रोजेक्ट ‘यायावर – द माइग्रेटिंग बर्ड’ ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए आशय पत्र (Letter of Intent-LOI) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह साझेदारी भारत और फ़िनलैंड की प्रोडक्शन कंपनियों के बीच फ़िल्म के विकास, वित्तपोषण, निर्माण और वैश्विक स्तर पर प्रस्तुति के उद्देश्य से की गई है।
भारत और फ़िनलैंड की कंपनियां मिलकर करेंगी निर्माण
समझौते के तहत आईरॉलर मीडिया एंड एंटरटेनमेंट (भारत) और नॉर्स की प्रोडक्शंस (फ़िनलैंड) इस परियोजना पर संयुक्त रूप से काम करेंगे। आईरॉलर मीडिया एंड एंटरटेनमेंट परियोजना का लीड प्रोड्यूसर होगा और फ़ाइनेंसिंग, प्रोडक्शन प्लानिंग तथा क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं नॉर्स की प्रोडक्शंस फ़िनलैंड में पोस्ट-प्रोडक्शन गतिविधियों का संचालन करेगी तथा फ़िल्म को अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म समारोहों और वैश्विक बाज़ार तक पहुंचाने में सहयोग देगी।
भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच दिलाने की पहल
एनएफडीसी ने कहा कि यह उपलब्धि वेव्स फ़िल्म बाज़ार स्क्रीनराइटर्स लैब की उस सोच को मजबूत करती है, जिसके तहत भारतीय लेखकों को केवल स्क्रिप्ट लेखन तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्माण, वित्तपोषण और वितरण के अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदुम ने कहा कि स्क्रीनराइटर्स लैब की शुरुआत भारतीय लेखकों को बेहतर मार्गदर्शन, रचनात्मक सहयोग और वैश्विक बाज़ार तक पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि किसी परियोजना का लैब से निकलकर अंतरराष्ट्रीय साझेदारी तक पहुंचना इस कार्यक्रम की बड़ी सफलता है।
प्रोजेक्ट टीम ने जताया आभार
फ़िल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता डॉ. दर्शन अश्विन त्रिवेदी ने स्क्रीनराइटर्स लैब के सहयोग के लिए एनएफडीसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत की आईरॉलर मीडिया एंड एंटरटेनमेंट और फ़िनलैंड की नॉर्स की प्रोडक्शंस के साथ यह सहयोग परियोजना को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। वेव्स फ़िल्म बाज़ार ने भी डॉ. त्रिवेदी और उनकी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ‘यायावर – द माइग्रेटिंग बर्ड’ वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगी।
जल्द शुरू होंगे स्क्रीनराइटर्स लैब 2026 के आवेदन
एनएफडीसी ने बताया कि वेव्स फ़िल्म बाज़ार स्क्रीनराइटर्स लैब 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इससे संबंधित सभी जानकारी वेव्स फ़िल्म बाज़ार और एनएफडीसी के आधिकारिक प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध कराई जाएगी। 2007 में शुरू हुई स्क्रीनराइटर्स लैब भारतीय फ़िल्म लेखकों को अनुभवी भारतीय और अंतरराष्ट्रीय मेंटर्स के मार्गदर्शन में अपनी फ़ीचर फ़िल्म स्क्रिप्ट विकसित करने का अवसर प्रदान करती है। इस लैब से द लंचबॉक्स, लिपस्टिक अंडर माई बुर्का, दम लगा के हईशा, तितली, अ डेथ इन द गुंज और उल्लोझुक्कू जैसी चर्चित फ़िल्में भी निकल चुकी हैं।
